मनमोहक नजारों से भरपूर एक अलग ही संसार है हिमाचल प्रदेश की सांगला घाटी

Sangla Valley

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में स्थित सांगला घाटी (Sangla Valley) हिमाचल की सबसे खूबसूरत वादियों में से है। सौंदर्य से परिपूर्ण यह घाटी देवदार के जंगलों से घिरी हुई है। इसकी खूबसूरती पर्यटकों को बर्बस ही अपनी ओर खींचती है। रोमांच से भरपूर इस घाटी में नदी के साथ कैंपिंग भी की जाती है। रकछम के पास कैंपिंग के स्थान चिन्हित हैं। 2700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह घाटी अपने मनमोहक नजारों से किसी का भी दिल जीत लेती है। सांगला घाटी करछम से शुरू होकर छितकुल में जा कर खत्म होती है। इसी घाटी के बीच में से बस्पा नदी गुजरती है, जो करछम में सतलुज नदी में मिल जाती है। बस्पा नदी के किनारे ही सांगला गांव बसा है। यह गांव सांगला घाटी का सबसे बड़ा गांव है। यहां से किन्नौर जिले का मुख्यालय रिकांगपियो 20 किमी की दूरी पर उत्तर दिशा की ओर स्थित है। सांगला घाटी में घूमने के लिए कई खूबसूरत स्थल मौजूद हैं।

रकछम गांव : यह घाटी के तक़रीबन बीच में समुद्र तल से 2900 मी की ऊंचाई पर बास्पा नदी के किनारे बसा एक छोटा सा सुंदर गांव है। रकछम से बतसरी तक सैर के लिए ट्रैक है। रकछम गांव का नाम दो शब्दों रक और छम से मिलकर बना है। रक का अर्थ पत्थर और छम का अर्थ पुल होता है। यहां की भौगोलिक स्थिति से इस गांव के नाम का मतलब समझ आता है।

छितकुल : छितकुल (चितकुल) किन्नौर का सबसे अंतिम और घाटी के सबसे ऊंचे स्थान पर मौजूद गांव है। यह गांव सांगला से 26 किमी की दूरी पर स्थित है। यहां जाने का रास्ता जितना खूबसूरत है उतना ही खतरनाक भी है। यहां आकर आपको ऐसा लगेगा जैसे आप किसी और दुनिया में पहुंच गए हों। यह एक बहुत ही ठंडी जगह है। यह इलाका लगभग 6 महीने बर्फ से ही ढका रहता है।

कमरु किला : सांगला गांव से महज 2 किलोमीटर दूर स्थित यह किला यहां एकमात्र है। इसके द्वार पर भगवान बुद्ध की बड़ी सी प्रतिमा है। यह किला अपने अंदर कई सदियों का इतिहास समेटे हुए है। यहां से सांगला घाटी के अद्भुत नज़ारे देखने को मिलते हैं।

सांगला बौद्ध मठ : सांगला बौद्ध मठ को बरेलेंगी गोम्पा भी कहा जाता है। यह सांगला घाटी का प्रसिद्ध गोम्पा है। जहां बौद्ध धर्म के अनुयायियों के साथ ही देश व दुनिया भर के पर्यटक पहुंचते हैं।

बैरिंग नाग मंदिर : बैरिंग नाग सांगला के प्रमुख देवता हैं। यहां हर साल अगस्त और सितंबर में फुलैच मेला लगता है। इस मेले में इस घाटी के अलावा किन्नौर भर से लोग आकर देवता के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था का परिचय देते हैं।

कैसे पहुंचें Sangla Valley

सांगला से निकटतम हवाई अड्डा और रेलवे स्टेशन शिमला में है, जो की सांगला से 225 किलोमीटर की दूरी पर है। सांगला जाने के लिए शिमला से नियमित रूप से सामान्य और डीलक्स बसें चलती हैं। ये बसें आरामदायक और किफायती भी हैं। शिमला आने के लिए दिल्ली, पंजाब जैसे पड़ोसी राज्यों से नियमित बस चलती हैं। सांगला जाने के लिए सड़क मार्ग सबसे अच्छा है, इससे आप खबसूरत रास्तों को देखने का मजा ले पाएंगे।

Himachal Pradesh के इन प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के बारे में भी पढ़ें:

Web Title sangla-valley-is-a-unique-world-full-of-natural-beauty

(Tourists Destinations from The Himalayan Diary)

(For Latest Updates, Like our Twitter & Facebook Page)

Leave a Reply