धौलाधार के आंचल में बसे भागसू में देखने को मिलता है प्राकृतिक और धार्मिक खूबसूरती का संगम

Bhagsunag Temple

हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों के लिए जाना जाता है। यहां कई प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन स्थल मौजूद हैं। हम आपको हिमाचल प्रदेश की एक ऐसी खास जगह के बारे में बताने जा रहे है, जो प्राकृतिक और धार्मिक दोनों ही रूप से एक बेहतरीन पर्यटन स्थल है। हिमाचल प्रदेश के मैक्लॉडगंज से लगभग दो किलोमीटर दूर धौलाधार की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं के आंचल में बसे भागसू में धर्म और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है। यह स्थान अपने प्राचीन भागसू नाग मंदिर (Bhagsunag Temple) और सुरम्य भागसू झरने (Bhagsunag Waterfall) के लिए प्रसिद्ध है। धर्मशाला से निकटता के कारण यहां साल भर पर्यटकों का आना जाना लगा रहता है।

यह प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भगवान शिव को समर्पित है। समुद्र तल से लगभग 1770 मीटर की ऊंचाई पर स्थित भागसू नाग मंदिर मध्ययुगीन काल की कला और संस्कृति को दर्शाता है। मंदिर को लेकर मान्यता है कि लगभग पांच हजार साल पहले नागदेवता का पवित्र नाग डल झील से पानी चुराने वाले एक स्थानीय राजा भागसू के साथ युद्ध हुआ था। युद्ध में राजा भागसू हार गए थे। हार के बाद राजा भागसू ने नाग देवता से माफी मांगी। नाग देवता ने राजा भागसू को क्षमा कर दिया और इस स्थल को भागसू नाग के रूप में स्थापित किया गया। मंदिर परिसर में दो मंजिला विश्राम गृह है, जहां मंदिर का दौरा करने वाले तीर्थयात्री रह सकते हैं।

भागसू अपनी प्राकृतिक और धार्मिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। यहां मंदिर परिसर के भीतर खूबसूरत तालाब और बाघ सिर से निकलते पानी के झरने हैं। भागसू वाटरफॉल यहां का एक लोकप्रिय पर्यटक गंतव्य है। यहां की खूबसूरती प्रकृति प्रेमियों को बहुत रास आती है। मानसून के समय झरना 30 फीट पानी की मूसलधार दीवार में बदल जाता है। यहां आने वाले पर्यटक झरने के ठंडे पानी में नहाने से नहीं चूकते हैं। भागसू की खूबसूरती की वजह से यहां की वादियों के मनमोहक दृश्य पर्यटकों के जेहन में हमेशा के लिए बस जाते हैं। ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए भी भागसू अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।

कैसे पहुंचें Bhagsunag Temple

यह पर्यटन स्थल धर्मशाला से करीब 10 किलोमीटर और मैक्लॉडगंज से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। धर्मशाला और मैकलॉडगंज से भागसू आसानी से पहुंचा जा सकता है। धर्मशाला और मैक्लॉडगंज सड़क मार्ग द्वारा प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। भागसू से नजदीकी ब्रॉजगेज रेलवे स्टेशन पठानकोट में है। यह स्टेशन नई दिल्ली सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्टेशनों से जुड़ा हुआ है। भागसू से निकटतम हवाई अड्डा धर्मशाला का गगल हवाई अड्डा है। यह हवाई अड्डा दिल्ली के साथ जुड़ा हुआ है।

Dharamshala के आसपास के इन लोकप्रिय स्थलों के बारे में भी पढ़ें:

Web Title bhagsunag-temple-and-waterfall

(Religious Places from The Himalayan Diary)

(For Latest Updates, Like our Twitter & Facebook Page)

Leave a Reply