हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में समुद्रतल से 4850 मीटर की ऊंचाई पर बसा किब्बर (Kibber Village) दुनिया का सबसे ऊंचा गांव है, जहां वाहनों की आवाजाही होती है। पहाड़ों से प्यार करने वाले लोगों के लिए यह गांव किसी जन्नत से कम नहीं है। प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 430 किलोमीटर दूर स्थित किब्बर चूना पत्थर की चट्टानों से बनी एक संकीर्ण घाटी में बसा है। लद्दाख और तिब्बत की सीमा से सटी स्पीति घाटी के इस गांव में एक वन्यीजीव अभयारण्यख और कई बौद्ध मठ हैं। एक बौद्ध मठ गांव में सबसे ऊपर बना हुआ है। हालांकि यह इतना बड़ा नहीं है, लेकिन पर्यटकों को अपनी ओर खूब आकर्षित करता है। ठंडा वातावरण और बर्फ से ढके पहाड़, यकीन मानिए यह इतना खूबसूरत है कि आपको इस जगह से प्यार हो जाएगा। यहां आकर ऐसा लगेगा जैसे आप बादलों के बीच आ गए हों।
किब्बर की खासियत यह है कि यहां बारिश बहुत कम होती है और ज्यादातर समय यहां सिर्फ बर्फ गिरती है। इसलिए पर्यटक इस ओर खींचे चले आते हैं। बर्फ गिरने से यहां कई फुट मोटी बर्फ की चादर जम जाती है। बर्फबारी होने के कारण यह गांव दुनिया से कटा रहता है। यहां तक पहुंचने का रास्ता बहुत ही खूबसूरत है। बर्फ से ढके हुए पहाड़ों के बीच से निकलना जिंदगी भर न भूलने वाला अहसास देता है। किब्बर में 100 से ज्यादा घर हैं। यहां का लोकनृत्य काफी लोकप्रिय है। यहां पुरुष और महिलाएं दोनों ही चुस्त पायजामा पहनते हैं। यहां के लोग एक खास जूता पहनते हैं, जिसका तला चमड़े का और ऊपरी भाग गर्म कपड़े का बना होता है। यहां के लोगों की आय का मुख्य साधन खेती है।
यहां ऊंची-ऊंची पहाड़ियों पर बने घरों को देखना अच्छा लगता है। यहां रात में रुकने का अहसास भी बहुत खूबसूरत होता है। रात में तारे इतनी नजदीक दिखते हैं कि आपकी उन्हें पकड़ने की इच्छा हो उठेगी। यहां रुकने के लिए लॉज और गेस्ट हाउस की सुविधा उपलब्ध है। गांव के आसपास वन्यजीव अभ्यारण्य, स्पीति नदी, कनामो शिखर, पारंग ला जैसे आकर्षक स्थल मौजूद हैं। यहां ब्लू शीप, आईबेक्स, रेड फॉक्स, हिमालयी भेड़िया और स्नो लेपर्ड जैसे जानवर पाए जाते हैं। यहां जाने के लिए गर्मी का मौसम सबसे अच्छा रहता है। वैसे यहां हर समय मौसम ठंडा रहता है। इसलिए यहां जाते समय गर्म कपड़े हमेशा साथ रखें।
कैसे पहुंचें किब्बर
किब्बर से 18 किलोमीटर दूर स्थित काज़ा, किब्बर से निकटतम चहल पहल वाला क्षेत्र है। किब्बर जाने के लिए काज़ा से एक मात्र एचआरटीसी की बस चलती है। हालांकि किब्बर जाने के लिए प्राइवेट टैक्सी या कैब बुक करना सही रहेगा। क्योंकि बस से जाने पर आप मठ की यात्रा नहीं कर पाएंगे। काज़ा से शिमला लगभग 420 किलोमीटर दूर है। शिमला से आप सड़क मार्ग द्वारा रामपुर बुशहर-कल्पा-नाको होते हुए काज़ा पहुंच सकते हैं। काज़ा से निकटतम हवाई अड्डा 250 किलोमीटर दूर भुंतर हवाई अड्डा कांगड़ा में और छोटी लाइन पर निकटतम रेलवे स्टेशन 355 किलोमीटर दूर बैजनाथ रेलवे स्टेशन है। यहां से सबसे नजदीक मुख्य रेलवे स्टेशन पठानकोट में है।
Spiti और उसके आसपास के इन पर्यटन स्थलों के बारे में भी पढ़ें:
- धरती पर स्वर्ग का एहसास कराती है चंद्रताल लेक
- ऐसा क्या है स्पीति घाटी के ठंडे रेगिस्तान में जो खिंचे चले आते हैं पर्यटक
- लाहौल और स्पीति को जोड़ता है Kunzum Pass, गर्मियों में तापमान 20 डिग्री से भी कम रहता है
Web Title kibber-is-world-highest-elevated-village-in-lap-of-snow-covered-mountains
(For Latest Updates, Like our Twitter & Facebook Page)