हल्द्वानी के प्रसिद्ध शीतला देवी मंदिर में है आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम

Sheetla Devi Temple

देवों की भूमि उत्तराखंड में कई ऐतिहासिक और लोकप्रिय धार्मिक स्थल स्थित है। इन धार्मिक स्थलों में लोगों की गहरी आस्था है। उत्तराखंड का ऐसा ही प्रसिद्ध ऐतिहासिक धार्मिक स्थल मां शीतला देवी मंदिर (Sheetla Devi Temple) नैनीताल जिले के हल्द्वानी में काठगोदाम स्थित उच्च चोटी पर है। नदीतीर्थ स्थली की चोटी पर जंगल के बीच स्थित है मां शीतला देवी मंदिर क्षेत्र में रहने वाले लोगों की आस्था का केंद्र है। माता शीतला को मां दुर्गा का अवतार भी माना जाता है। यहां माता के दर्शन करने के लिए स्थानीय लोग ही नहीं बल्कि दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पैदल यात्रा कर भी पहुंचते हैं।

माता शीतला का मंदिर बहुत ही आकर्षक मंदिर है। इसके आसपास का वातावरण भी श्रद्धालुओं को काफी भाता हैं। कई लोग यहां माता के दर्शन करने के साथ-साथ पिकनिक मनाने भी आते हैं। स्कन्द पुराण में शीतला देवी का वाहन गर्दभ बताया गया है। ये हाथों में सूप, कलश, झाडू तथा नीम के पत्ते धारण करती है। मां शीतला को चेचक आदि कई रोगों की देवी बताया गया है। कहा जाता है कि यहां पर चंद राजाओं के समय हाट लगाया जाता है। मंदिर के पास ही बदरखरी गढ़ था, जिसे बाद में गोरखा राजाओं द्वारा हमले में ध्वस्त कर दिया गया था। हाट के कारण ही मंदिर का नाम शीतला हाट भी प्रचलित हो गया।

शीतला मंदिर को लेकर एक कथा बहुत ही प्रचलित है। कथा के अनुसार भीमताल के पाण्डेय लोग अपने गांव में माता शीतला का मंदिर बनाना चाहते थे। इसके लिए गांव के लोग बनारस से माता की मूर्ति लेकर आ रहे थे। इस स्थान पर पहुंचने तक शाम हो गई और उन्होंने इसी स्थान पर रात को विश्राम किया। कहा जाता है कि उनमें से एक व्यक्ति को माता ने रात में सपने में दर्शन दिए और यहीं पर मूर्ति स्थापित करने की बात कही। जब उस व्यक्ति ने सुबह अपने साथियों को सपने के बारे में बताया तो उन्हें पहले तो यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब लोगों ने मूर्ति उठाने की कोशिश की तो वह मूर्ति उठा नहीं पाएं। इसके बाद पांडेय लोगों ने मूर्ति का यहीं स्थापित कर दिया। नवरात्र में मां के मंदिर भक्तों की विशाल भीड़ उमड़ पड़ती है।

कैसे पहुंचें Sheetla Devi Temple

शीतला माता का मंदिर हल्द्वानी से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित है। इस दूरी को श्रद्धालु पैदल या वाहन की मदद से तय कर सकते हैं। हल्द्वानी से नजदीकी रेलवे स्टेशन लगभग 8 किलोमीटर दूर काठगोदाम में स्थित है जबकि निकटतम हवाई अड्डा लगभग 32 किलोमीटर दूर पंतनगर में स्थित है। हल्द्वानी बसों के माध्यम से प्रदेश के कई बड़े शहरों से सीधा जुड़ा हुआ है।

Uttarakhand के इन प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के बारे में भी पढ़ें:

Web Title sheetla-devi-temple-in-haldwani

(Religious Places from The Himalayan Diary)

(For Latest Updates, Like our Twitter & Facebook Page)

Leave a Reply