हिमाचल के बिलासपुर में है मानव निर्मित सबसे बड़ी और खूबसूरत गोविंद सागर झील

Govind Sagar Lake

हिमाचल प्रदेश में सतलुज नदी पर भाखड़ा नांगल बांध से बनी खूबसूरत झील गोविंद सागर (Govind Sagar Lake) बिलासपुर जिले के सबसे महत्वपूर्ण स्थानों में से एक है। लगभग 170 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली यह खूबसूरत झील संभवतः भारत की सबसे बड़ी मानव निर्मित झीलों में से एक है। इस झील का नाम सिखों के दसबें गुरू गोविंद सिंह के नाम पर रखा गया है। यह झील एक विशाल जलाशय है। नीले आसमान, छोटी-छोटी हरी भरी पहाड़ियों की गोद में बनी गोविंद सागर झील आपका मन मोह लेगी। यहां की खूबसूरती देख आप अपनी गाड़ी से उतरकर फोटो लेने से खुद को रोक नहीं पाएंगे।

पुराने बिलासपुर शहर में सातवीं शताब्दी से 12वीं शताब्दी के बीच बने शिखर शैली के मंदिर गोविंद सागर झील के बनने के बाद इसकी गोद में समा चुके हैं। हालांकि जब झील में पानी कम होता है, तो मंदिर के उपरी हिस्से दिखाई देते हैं। पुरातत्व विभाग एक दर्जन से भी ज्यादा मदिरों की पुर्नस्थापन की योजना बना चुका है। पर्यटन के अलावा गोविंद सागर झील कृषि के लिए बहुत फायदेमंद सिद्ध हुई है। इस झील से एक बड़े हिस्से की सिंचाई होती है। यह झील बारिश के बाद अक्टूबर और नवंबर महीने के समय पानी से लबालब भरी हुई होती है। इस समय यहां पर्यटन और नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा नौका दौड़ की एक श्रृंखला आयोजित कराई जाती है। इसके अलावा वाटर स्कीइंग, नौकायन, कयाकिंग और जल स्कूटर रेसिंग जैसे खेलों का भी यहां आयोजन होता है। यहां स्पीड बोट और नौका सवारी जैसी सुविधाओं की एक विस्तृत शृंखला भी उपलब्ध है।

इस झील से करीब 20 किलोमीटर दूर नैना देवी मंदिर स्थित है। इसके अलावा दूसरी तरफ आनंदपुर साहिब धार्मिक स्थल मौजूद है। यह स्थान सिख और हिंदू दोनों के लोगों के बीच आस्था का प्रमुख केंद्र है। हिंदू और सिक्ख दोनों ही इसे पवित्र मानते हैं। अगस्त के महीने में नैना देवी मंदिर पर विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। गोविंद सागर झील देखने आने वाले पर्यटक आसपास ही मौजूद किले, मंदिर और अन्य खूबसूरत जगहों का आनंद भी ले सकते हैं।

कैसे पहुंचें Govind Sagar Lake

यहां हवाई मार्ग और रेल मार्ग द्वारा सीधे नहीं पहुंचा जा सकता है। यहां से नजदीकी हवाई अड्डा 135 किलोमीटर दूर चंडीगढ़ में है। गोविंद सागर झील तक पहुंचने के लिए ट्रेन की मदद से यहां से 65 किलोमीटर दूर किरतपुर साहिब, पंजाब तक पहुंचा जा सकता है। आनंदपुर साहिब और कीरतपुर साहिब से इस स्थान के लिए टैक्सियां किराये पर मिलती हैं। गोविंद सागर झील की शिमला से दूरी 85 किलोमीटर है। शिमला से गोविंद सागर झील तक सड़क मार्ग द्वारा आसानी से पहुंचा जा सकता है।

Govind Sagar Lake के आसपास से इन लोकप्रिय स्थलों के बारे में भी पढ़ें:

Web Title govind-sagar-is-largest-lake-made-by-human

(For Latest Updates, Like our Twitter & Facebook Page)

Leave a Reply