अपनी अद्भुत खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध है खुर्पाताल झील, बदलती है अपना रंग

Khurpatal Lake

उत्तराखंड के सबसे खूबसूरत स्थलों में से एक नैनीताल से महज 12 किलोमीटर की दूरी पर एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल खुर्पाताल (Khurpatal Lake) है। समुद्र तल से 1,635 मीटर की ऊंचाई पर खुर्पाताल ऊंचे पाइन और पुराने देवदार के पेड़ों से घिरा हुआ है। यह एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है। यहां से पहाड़ों के भव्य सौन्दर्य का दीदार होता है। खुर्पाताल अपनी खुशनुमा जलवायु और मनमोहक झील के कारण पर्यटकों के बीच जाना जाता है। इसके अलावा सीढ़ीदार खेत भी खुर्पाताल के मुख्य आकर्षण में से एक हैं। खुर्पाताल की आकृति घोड़े के खुर (तलवे) के सामान दिखती है, यही कारण है कि इस जगह का नाम खुर्पाताल पड़ा।

खुर्पाताल, नैनीताल से कालांढूगी रोड पर बसा एक गांव है। यहां मौजूद झील को खुर्पाताल झील के नाम से जाना जाता है। लगभग आधा किलोमीटर व्यास वाली यह झील चारों ओर से पहाड़ियों से घिरी है। खुर्पाताल झील को रहस्मयी झील भी कहा जाता हैं, क्योंकि इस झील के पानी का रंग बदलता रहता है। इसका पानी कभी लाल तो कभी हरा तो कभी नीला दिखाई देता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस झील के अंदर लगभग 40 प्रकार के शैवालों की प्रजातियां है। जब शैवाल के बीज बनते है, तो झील रंग बदलती है। इस झील का पानी साफ और गर्म होता है। इसलिए इसे गर्म पानी वाली झील भी कहा जाता है। खास बात है कि सर्दियों के मौसम में भी इस झील का पानी हल्का गुनगुना होता है।

खुर्पाताल झील में बोटिंग और टूरिस्ट एक्टिविटी नहीं होती है, लेकिन मछली पकड़ने के शौकीन लोगों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है। इस झील में भारी तादाद में मछलियां पाई जाती है, यहीं कारण है कि इस झील को मछुआरों का स्वर्ग भी कहा जाता है। पहाड़ियों और पेड़ों से घिरी यह झील बहुत ही मनमोहक नजर आती है। इसकी सुंदरता देखते ही बनती है। खुर्पाताल झील से थोड़ी दूर ऊपर मनसा देवी मंदिर है। 19वीं शताब्दी तक खुर्पाताल अपने लौह औजारों के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध था। ब्रिटिशकाल में यह स्थल ब्रिटिश अधिकारियों की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक हुआ करता था। खुर्पाताल के आसपास नैनीताल, भीमताल, पंगोट, किलबरी , रानीखेत और मुकतेश्वर जैसे प्रसिद्द पर्यटन स्थल भी मौजूद हैं।

कैसे पहुंचें Khurpatal Lake

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल से महज 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होने के कारण यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। नैनीताल से खुर्पाताल पहुंचने के लिए पर्यटक बस या निजी वाहन की मदद ले सकते हैं। नैनीताल से निकटतम हवाई अड्डा पंतनगर नैनीताल से 71 किलोमीटर दूर है। यहां से दिल्ली के लिए उड़ानें मिलती हैं। पंतनगर हवाई अड्डे से टैक्सी या बस से नैनीताल या खुर्पाताल तक पहुंचा जा सकता है। यहां से नजदीकी रेलवे स्टेशन काठगोदाम 35 किलोमीटर की दूरी पर है। नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग 87 से जुड़ा हुआ है। दिल्ली, आगरा, देहरादून, हरिद्वार, लखनऊ, कानपुर और बरेली से यहां के लिए नियमित बसें चलती हैं।

Uttarakhand के इन प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के बारे में भी पढ़ेंः

Web Title khurpatal-lake-nainital

(Tourists Destinations from The Himalayan Diary)

(For Latest Updates, Like our Twitter & Facebook Page)

Leave a Reply